सान्दीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी की तपस्या राजे ने जिले में पाया तीसरा स्थान

सान्दीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी की तपस्या राजे ने जिले में पाया तीसरा स्थान
--95 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं बायो ग्रुप में हासिल की बड़ी सफलता

चितरंगी। (उपेन्द्र द्विवेदी)। 
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को 10वीं एवं 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए। परिणाम जारी होते ही छात्रों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
चितरंगी स्थित शासकीय सान्दीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा तपस्या राजे ने 12वीं बायो ग्रुप में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से माता-पिता, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
परिणाम घोषित होते ही तपस्या के माता-पिता ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह व हेडमास्टर सज्जन सिंह ने तपस्या राजे को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तपस्या के पिता बब्बू सिंह ने बताया कि यह सफलता वर्षभर की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटी को पढ़ाई के लिए हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए और उसे घरेलू कार्यों से दूर रखा गया, जिससे वह पूरी लगन से पढ़ाई कर सकी।
तपस्या राजे ने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनने का है और वह देश की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि सिंगरौली जैसे पिछड़े जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है, जिसे दूर करने के लिए वह मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज के गरीब, पिछड़े और आदिवासी वर्ग की सेवा करना चाहती हैं। 

मोबाइल से दूरी बनाकर की पढ़ाई
तपस्या ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि वह मोबाइल से दूरी बनाकर रखती हैं और दिन में केवल 1 से 2 घंटे ही इसका उपयोग करती हैं। इस दौरान वह केवल पढ़ाई से संबंधित जानकारी ही प्राप्त करती हैं। पढ़ाई में आने वाली शंकाओं को दूर करने के लिए कभी-कभार मोबाइल का सहारा लेती हैं।
वर्तमान में तपस्या नीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनके माता-पिता के साथ-साथ बड़े भाई का भी उन्हें पूरा सहयोग मिलता है, जिससे उनकी पढ़ाई और अधिक प्रभावी हो रही है।

Comments