एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की मौत पर मोमेंटम छात्र संघ में हुई शोक सभा

एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की मौत पर मोमेंटम छात्र संघ में हुई शोक सभा
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से मोमेंटम छात्र संघ में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को संस्थान परिसर में आयोजित शोक सभा में निदेशक, शिक्षक व कर्मचारियों ने दिवंगत छात्र के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया गया कि संत कबीर नगर निवासी आकाश पांडेय बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे और वर्ष 2023 बैच से संबंधित थे। वह पहले मोमेंटम छात्र संघ के छात्र भी रह चुके थे। होली के दिन बुधवार की रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार के रॉन्ग साइड से आने के कारण हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। इस दुखद घटना से छात्र संघ से जुड़े सभी लोग स्तब्ध हैं।
शोक सभा में मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई। साथ ही इस हादसे के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने और मामले का स्पीडी ट्रायल कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अंत में सभी ने आकाश पांडेय को एक मेधावी और अनुशासित छात्र बताते हुए उनकी असमय मृत्यु को शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। इस दौरान मोमेंटम छात्र संघ के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।
संस्थान के निदेशक इंजीनियर संजीव कुमार ने कहा कि आकाश पांडेय हमारे संस्थान का होनहार छात्र था। उसकी असमय मृत्यु से हम सभी गहरे आहत हैं। सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करते हैं।
राजेश कुमार ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। आकाश प्रतिभाशाली और मेहनती छात्र था। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और शीघ्र न्याय मिलना जरूरी है।
संदीप कुमार ने कहा कि आकाश की मौत से शिक्षा जगत ने एक उज्ज्वल भविष्य खो दिया है। प्रशासन को मामले में स्पीडी ट्रायल कर दोषी को कठोर सजा देनी चाहिए और परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करना चाहिए।

Comments