शिक्षक दिवस पर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के सभी शाखाओं में शिक्षक सम्मान समारोह
गोरखपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) शिक्षक दिवस पर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के जंगल धूसड़, सिविल लाइंस एवं बस्ती शाखा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक उन्हें केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में सही दिशा दिखाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार एवं निदेशक राजेश कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक रहता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
तीनों शाखाओं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।
Comments
Post a Comment