अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों व जन-प्रतिनिधियों ने किया योग
-- शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में आयोजित हुआ योग कार्यक्रम
चितरंगी। ( उपेन्द्र द्विवेदी) शासन की मंशा के अनुरूप शुक्रवार को चितरंगी स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जनपद, तहसील के विभिन्न अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों सहित विद्यालय के छात्रों ने सूर्य नमस्कार के साथ योग दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रशिक्षकों द्वारा योग के विभिन्न आसन कराए गए। इस दौरान लोगों ने विभिन्न आसनों द्वारा निरोग रहने के गुर सीखे। उपस्थित लोगों ने करें योग रहे निरोग का संकल्प लिया।
विभिन्न योगासन करने के बाद मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उपखण्ड अधिकारी जाधव ने कहा कि योग स्वच्छ विज्ञान पर आधारित एक आध्यात्मिक अनुशासन है, जो मन और शरीर के बीच में सामंजस्य लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने कहा कि योग एक स्वस्थ और तनाव पूर्ण जीवन जीने की कला और विज्ञान है। यह एक वैश्विक आयोजन है, स्वयं और समाज के लिए योग सभी धर्म, लिंग, जाति बिना भेदभाव के उसके लाभ पर जोर देता है।
पूर्व विधायक अमर सिंह ने कहा कि योग से व्यक्तिगत लाभ, स्वास्थ्य और खुशी पर एक सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। योग करने से हमारे व्यस्त जीवन में शांति आती है।
बाल विकास सभापति सुषमा सिंह ने कहा कि योग हमारी प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। योग मन, शरीर, विचार और एकता का प्रतीक है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह ने कहा कि योग हमारे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए मूल्यवान है। योग करने से केवल हमारा शरीर ही स्वस्थ नहीं रहता बल्कि यह खुद दुनिया और प्रकृति के साथ एकता की भावना को खोजने का तरीका है।
जनपद शिक्षा केन्द्र प्रभारी सियाराम भारती ने बताया कि योग व्यायाम का एक ऐसा प्रभावशाली प्रकार हैं,जिसके माध्यम से न केवल शरीर के अंगों बल्कि मन मस्तिष्क और आत्मा के बीच में संतुलन बनाया जाता है।
सीएम राइज मॉडल स्कूल के प्राचार्य अशोक सिंह ने कहा कि योग से शारीरिक व्याधियों के अलावा मानसिक समस्याओं से भी निजात पाई जा सकती है। नियमित योगाभ्यास से हमारा शरीर तंदुरुस्त रहता है और बीमारियों से लड़ने में अधिक सक्षम बनता है।शासकीय हाईस्कूल नौडिहवा के प्राचार्य कामता प्रसाद तिवारी ने कहा कि योग का मुख्य उद्देश्य योग के समग्र लाभों के बारे में आम जनता को जागरूक करना और संतुलित जीवन के लिए सभी को प्रोत्साहित करना है।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सत्यभान सिंह ने कहा कि योग करने से जीवन शक्ति में वृद्धि होती है। आध्यात्मिक रूप से आत्म जागरुकता को बढ़ावा देता है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी के पूर्व प्राचार्य एलडी यादव ने कहा कि योग आंतरिक शांति को प्रोत्साहित करता है। यह स्वयं और दुनिया के बीच के संबंध को मजबूत बनाता है। सीएम राइस मॉडल स्कूल के हेडमास्टर लक्ष्मण सिंह व सज्जन सिंह ने कहा कि योग से व्यक्ति निरोगी होता है। यह शारीरिक और मानसिक रूप से मनुष्य को स्वस्थ बनाता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन उर्मिलेश प्रसाद पांडेय ने किया। अंत में उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य जेजे भारती द्वारा आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उक्त जानकारी शासकीय सीएम राइज मॉडल स्कूल चितरंगी के आईटी सेल इंचार्ज सुमित श्रीवास्तव ने दी है।
Comments
Post a Comment