यश कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

यश कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस
-- विद्यालय की ओर से छात्रों को उपहार भेंट कर किया गया

-- फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विभिन्न स्वरूप में नजर आए छात्र व छात्राएं
सुल्तानपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) जिले के सौरमऊ स्थित यश कान्वेंट स्कूल में शुक्रवार को धूमधाम से बाल दिवस मनाया गया। बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर विद्यालय परिसर को फूलों, पतंगियों और गुब्बारों से सजाया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमन शुक्ला ने स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों के साथ केक काटकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन मनाया। प्राचार्य ने सभी शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी। सभी शिक्षकों ने छात्रों को उपहार भेंट किया। शिक्षकों ने बच्चों को पेन, चॉकलेट, टॉफी व शिक्षण सामग्री आदि भेंट किया।
इस दौरान सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों का आकर्षक आयोजन किया गया। नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। सुबह से ही विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा और उल्लास से गुलजार रहा। कार्यक्रम की शुरुआत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई, जिसमें बच्चे विभिन्न प्रदेशों की वेशभूषा में नजर आए। इस दौरान असम, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, हरियाणा, बंगाल, आदि प्रदेशों की वेश भूषा में छात्रों ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके अलावा छात्रों ने डाकिया, ट्रैफिक सिग्नल, वकील, पुलिस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, सहित विभिन्न किरदारों की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रकृति को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न छात्र अलग-अलग वृक्षों की वेशभूषा में नजर आए , जिनमें बहुतायत छात्र औषधीय गुणो वाले वृक्षों में नजर आए।
इन प्रदर्शनों ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश भी दिया। इसके बाद सोलो डांस, भाषण, कविता पाठ और मनोरंजन खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक व माध्यमिक वर्ग की शिक्षिकाओं ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। पूरे आयोजन में बच्चों एवं अभिभावकों का उत्साह देखने लायक रहा ।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ.सुमन शुक्ला ने कहा कि यह दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरु जी जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। चाचा नेहरू बच्चों को बहुत प्यार करते थे , इसलिए उन्होंने अपना हर जन्मदिवस बच्चों के साथ मनाने का फैसला लिया। तभी से आज तक 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन डॉ. बीके शुक्ला, प्राचार्य डॉ. सुमन शुक्ला, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments