राम-राम दंगल में पहलवानों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी
सिद्धार्थनगर। (उपेन्द्र द्विवेदी)। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राम-राम दंगल के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री एवं इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और पहलवानों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलाकर दूसरे दिन के कुश्ती दंगल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने उनका स्वागत किया।
दंगल में देश, प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल के पहलवानों ने भाग लेकर दर्शकों को रोमांचक मुकाबले दिखाए। सतीश द्विवेदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “कुश्ती केवल शारीरिक बल और कौशल का परिचायक नहीं है, यह मानसिक योग्यता और बुद्धिमत्ता का भी परिचायक है। इस खेल में पहलवान क्षणिक अंतराल में अपने बल और बुद्धि का उपयोग कर प्रतिद्वंद्वी को मात देता है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और देश के पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर प्लेटफार्म मिलता है।”
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि धीरे-धीरे कुश्ती खेल विलुप्त होता जा रहा है, ऐसे में दंगल के आयोजन से इस खेल को नई ऊर्जा मिली है। ऐसे आयोजन क्षेत्र के पहलवानों के लिए संजीवनी का काम करते हैं। उन्होंने सभी पहलवानों, आयोजक मंडल और क्षेत्रीय जनता का अभिनंदन किया।
दूसरी ओर, ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का कार्यक्रम में सम्मिलित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने हेतु हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन परंपरा, पराक्रम और संस्कार का प्रतीक बनते हुए क्षेत्रीय एकता और खेल भावना को सशक्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Comments
Post a Comment