आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मानव श्रृंखला बनाकर मनाया आजादी का अमृत महोत्सव
- प्रतिभा वेलफेयर व रोटरी यूफोरिया सहित अन्य संगठनों के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया मानव श्रृंखला कार्यक्रम
गोरखपुर। प्रतिभा वेलफेयर सोसाइटी, रोटरी क्लब यूफोरिया, मदद सेवा संस्थान, अग्रवाल महिला मंडल, इनरव्हील होराइजन, एक नई आशा, कला निकेतन, रंगरेजा व रोटरेक्ट क्लब, स्वर एकेडमी ऑफ आर्ट कल्चर एंड स्पोर्ट्स , तेजस मानव कल्याण सहित अन्य सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मानव श्रृंखला कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह श्रृंखला गोलघर गणेश चौक से शास्त्री चौक तक बनाई गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग, एसएसबी जवान, राजनेता, युवा, व्यापारी, शिक्षक, पुलिस कर्मी आदि ने एक दूसरे का हाथ पकड़ कर मानव श्रृंखला बनाई।
इसके बाद वह लगातार आगे बढ़ते गए। इस दौरान ढोल-नगाड़े व डीजे के साथ लोग संगीत की धुनों पर नाचते हुए नजर आए।
मानव श्रृंखला का शुभारंभ एसएसबी डीआईजी रजनीश लांबा, प्रतिभा वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष करुणा भदानी, मोमेंटम छात्र संघ के निदेशक संजीव कुमार, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष अमित उपाध्याय, करियर काउंसलर पूर्णेन्दु शुक्ला, स्वर संस्था की अध्यक्ष अमृता उपाध्याय, त्रिशला मंझानी, व रोटरी क्लब यूफोरिया की अध्यक्ष स्वाति पोद्दार आदि ने मानव श्रृंखला बना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मानव श्रृंखला की शुरुआत प्रधान डाकघर से गोलघर, गणेश चौक, चेतना तिराहा, कचहरी चौक से शास्त्री चौक तक पहुंची, इसके बाद पुनः मानव श्रृंखला शास्त्री चौक से कचहरी चौक, गोलघर होते हुए प्रधान डाकघर पर समाप्त हुई।
प्रतिभा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जलपान कराकर मानव श्रृंखला के लोगों को विदा किया गया।
वही कचहरी चौक से पहले रोटरी क्लब यूफोरिया द्वारा मानव श्रृंखला के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस दौरान क्लब के सदस्यों द्वारा मानव श्रृंखला को बिस्किट व जूस वितरित किया गया।
इस दौरान पूरे रास्ते रोट्रेक्ट क्लब के लोग डीजे की धुन पर नाचते गाते नजर आए। क्लब के अध्यक्ष रत्नेश तिवारी सहित अन्य सामाजिक संगठनों के लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते हुए नजर आए। वही तेजस कल्याण सेवा समिति व स्वर संस्था के सदस्य भी देशभक्ति गीतों पर झूमते- थिरकते हुए नजर आए। संस्था की अध्यक्ष अर्पिता उपाध्याय ने अपनी गिटार की धुन व संगीत पर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Comments
Post a Comment