सीबीएसई ईस्ट जोन आर्चरी चैंपियनशिप में एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के यश पटेल ने जीता गोल्ड
- अंडर-17 बॉयज में यश पटेल ने अलग-अलग रेंज में गोल्ड व सिल्वर मेडल जीता
- देश के ईस्ट जोन से 36 स्कूलों ने प्रतियोगिता में लिया था भाग
गोरखपुर। पादरी बाजार क्षेत्र के जंगल धूषण स्थित एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के कक्षा 11वीं के यश पटेल ने गोल्ड मेडल जीतकर पूर्वांचल का मान बढ़ाया है। सीबीएसई ईस्ट जोनल आर्चरी चैंपियनशिप 2023 के अंडर 17 पुरुष वर्ग में यश पटेल ने अलग-अलग रेंज में गोल्ड मेडल व सिल्वर मेडल प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता जमशेदपुर के टाटानगर स्थित एसडीएसएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस में सीबीएसई द्वारा आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में देश के ईस्ट जोन के 36 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के कक्षा 11वीं के यश पटेल ने इंडियन राउंड में प्रतिभाग किया जिसमें कुल 44 छात्र शामिल थे। यश पटेल ने फर्स्ट 40 मी राउंड में 360 में से 298 अंक अर्जित कर सिल्वर मेडल जीता जबकि 30 मीटर सेकंड राउंड में 360 में से 302 अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। साथ ही यश पटेल ने कुल 720 स्कोर में 600 अंक अर्जित कर सीबीएसई ईस्ट जोन आर्चरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर नेशनल के लिए अपने दावेदारी पेश कर दी है। यश पटेल अगले चरण में राष्ट्रीय स्तर आर्चरी प्रतियोगिता में देश के ईस्ट जोन की तरफ से प्रतिभाग करेंगे।
यश पटेल के कोच अजितेश सोलंकी ने उनकी उपलब्धि पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यश पटेल शुरू से ही होनहार था। इसमें आर्चरी को चलाने की बेहतर समझ है। यश को आगे और प्रशिक्षण की आवश्यकता है। यश लगातार मेहनत करते रहे तो आर्चरी में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय के चेयरमैन ई.संजीव कुमार ने कहा कि विद्यालय में सभी प्रतिभाओं को उभारने के लिए प्रशिक्षक रखे गए हैं। यह देश हर विधा में आगे बढ़ रहा है। इसको लेकर विद्यालय में खेल, संस्कृति, मनोरंजन सहित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यश की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता शिक्षकों, गुरुजनों सहित विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही यश पटेल के लौटने पर उनके स्वागत की तैयारी भी तेज कर दी है।
Comments
Post a Comment