उसका बाजार से निकाली जाएगी जिले की प्रमुख शोभायात्रा, शासन ने की घोषणा

उसका बाजार से निकाली जाएगी जिले की प्रमुख शोभायात्रा, शासन ने की घोषणा
- शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल, तैयारियों व योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

गोरखपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) 22 जनवरी को आयोजित अयोध्या में रामलला के विराजमान होने को लेकर देश भर में शोभा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सिद्धार्थनगर के उसका बाजार नगर पंचायत में विशाल शोभा यात्रा निकाले जाने की तैयारियां चल रही हैं।
शोभा यात्रा उसका राजा स्थित पयोहारी आश्रम श्रीरामजानकी मंदिर से 22 जनवरी को निकाली जाएगी। रविवार को विशेष स्वच्छता सप्ताह अभियान के तहत जिलाधिकारी सहित अन्य आला अधिकारियों ने पयोहारी आश्रम  का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही शोभायात्रा निकाले जाने वाले रूट का भी निरीक्षण किया। इसके बाद शासन द्वारा उसका बाजार की शोभायात्रा को जिले की विशेष शोभायात्रा के रूप में घोषित किया गया।
सोमवार को क्षेत्र के सभी धार्मिक व  सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई की गई। इस क्रम में पयोहारी आश्रम उसका राजा, हनुमानगढ़ी मोगलहा, हनुमानगढ़ रेहरा बाजार सहित अन्य मंदिरों की भी साफ सफाई की गई। स्वच्छता कर्मियों सहित स्थानीय लोगों ने भी स्वच्छता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाए जाने को लेकर सभी मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों को  शासन द्वारा सजाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम आयोजक व पयोहारी आश्रम के महंत लाल बहादुर दास ने कहा कि यह सभी क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात है। शासन द्वारा इस शोभायात्रा को विशेष शोभायात्रा के रूप में घोषित किया गया है। निश्चित तौर पर यह क्षेत्रवासियों के अपार उत्साह, व जन-समर्थन से ही संभव हुआ है। 
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमंत जायसवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का मंदिर हमारी आस्था का प्रतीक है। राम मंदिर सभी सनातनियों की आस्था से जुड़ा विषय था।
कार्यक्रम को भव्य रूप दिए जाने को लेकर सभी क्षेत्रवासी अति उत्साहित हैं। गौतम बुद्ध जागृति समिति के निदेशक श्रीधर पांडेय ने कहा कि देशभर के सनातनियों निःस्वार्थ भाव से कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जुटे हुए हैं। स्वयं को रामलला के विराजमान होने का साक्षी मानकर कार्यक्रम में आत्मीय रूप से जुड़ रहे हैं।
इस अवसर पर राकेश आर्या, धनेश वर्मा, अभिषेक त्रिपाठी, राहुल पांडेय, मनीष अग्रहरि, धर्मेन्द्र पांडेय, शिवकुमार जायसवाल सहित तमाम भक्त उपस्थित रहे।

Comments