नए साल पर बाजार के बजाय देवालयों में लगी भारी भीड़

नए साल पर बाजार के बजाय देवालयों में लगी भारी भीड़ 

-- सुपर मार्केट, मॉल के अलावा देवालयों पर श्रद्धालुओं की लगी भारी भीड़ 

हँसपुरा। (उपेन्द्र) यूँ तो नए साल पर सुपर मार्केट, मॉल व बाजारों में भारी भीड़ दिखाई देती है। हर तरफ बाजार गुलजार रहते हैं , लेकिन हाल के दिनों में ट्रेंड कुछ बदला हुआ नजर आ रहा है। नई युवा पीढ़ी फैशन व बाजार की चकाचौंध रोशनी की बजाय अब सनातन संस्कृति की ओर अग्रसर होते नज़र आ रहे हैं। नए साल पर देखा जा रहा है कि युवाओं में देवालयों व सनातन धर्म के प्रति गहरी आस्था नजर आ रही है। हँसपुरा क्षेत्र के देवकुंड महादेव मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।
नववर्ष की सुबह से ही श्रद्धालु अपने आराध्य देव भगवान शिव पर जलाभिषेक को उत्साहित नजर आए। कड़ाके की ठंड के बीच लोग कुंड में स्नान कर महादेव की उपासना करते हुए नजर आ रहे थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा तमाम इंतजाम किए गए थे। साथ ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद नजर आ रही थी। नव वर्ष पर सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु कुंड में स्नान करते हुए नजर आने लगे। घंट घड़ियाल की गूंज के साथ पूरा परिसर व क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय के जयकारे के साथ श्रद्धालु जलाभिषेक कर रहे थे। बाजार में भी श्रद्धालुओं के साथ अन्य लोगों की भी भारी भीड़ नजर आ रही थी। 

 इन्होंने कहा

नव वर्ष पर आराध्य देव की पूजा कर नए प्रण के साथ नए लक्ष्य की ओर केंद्रित होना है। हालांकि यह हम लोगों का नव वर्ष नहीं है। फिर हम सभी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण मनाते हैं। हर धर्म संप्रदाय के प्रति सम्मान है। सभी का मंगलमय हो इसी कामना के साथ ईश्वर के दरबार में आए हैं।

 शैलेष, श्रद्धालु

यह अंग्रेजी नव वर्ष है। चूँकि भारत अंग्रेजों का औपनिवेशिक रहा है इसलिए आज भी पाश्चात्य संस्कृति हम सभी पर हावी है। बावजूद इसके हम अंग्रेजी नव वर्ष पर अपने आराध्य देव की पूजा अर्चना के साथ नए वर्ष की शुरुआत कर रहे हैं। साथ ही अपने  कार्यालयी कार्यों के प्रति पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी पर भी रहेंगे।
आशुतोष सक्सेना, श्रद्धालु

जैसे-जैसे सोशल मीडिया का जमाना बढ़ रहा है। धीरे-धीरे युवा पीढ़ी में भी अपनी सभ्यता व संस्कृति के प्रति आस्था बढ़ रही है। युवा अब सनातन संस्कृति की ओर अग्रसर हो रहा है। अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना के साथ नए वर्ष की शुरुआत कर रही हूँ।

ज्योति पाण्डेय, श्रद्धालु

Comments