राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे सांदीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी के छात्र

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे सांदीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी के छात्र
-कनिष्ठ वर्ग में नैना सिंह व रवि कुमार प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

चितरंगी। (उपेन्द्र द्विवेदी) शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में शनिवार को जिला स्तरीय मोगली बाल महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चितरंगी ब्लाक के शासकीय सान्दीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी के दो छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। विद्यालय के कनिष्ठ वर्ग की छात्रा नैना सिंह एवं रवि कुमार का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लाकों से चयनित छात्रों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सान्दीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी के छात्रों ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपने दावेदारी पेश कर दी है। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में स्थित पेंच अभ्यारण्य में 27 से 29 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मोगली बाल महोत्सव प्रतियोगिता में यह दोनों छात्र सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छात्रों की सफलता पर चितरंगी के खंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह, बीआरसीसी एलडी यादव, संकुल प्राचार्य जेजे भारती, सान्दीपनि विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह, उप-प्राचार्य पद्माकर मिश्र, कार्यक्रम समन्वयक अश्विनी बैस, आईटी सेल प्रभारी सत्यकाम तिवारी सहित अन्य भी सभी शिक्षक शिक्षकों का कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

क्या है मोगली बाल उत्सव प्रतियोगिता
मोगली बाल उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के सहयोग से शाला, जनशिक्षा केन्द्र, विकासखण्ड, जिला व राज्य स्तर पर करता है। मोगली बाल उत्सव जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण का एक संदेश है। इनमें ट्रैकिंग, सफारी, क्विज, फिल्म और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रूप से आयोजित किये जाते है। इस उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति का नजदीक से परिचय कराया जाता है।
प्रतियोगिता के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के बच्चों की प्रतियोगिताएँ आयोजित होती है। इन प्रतियोगिताओं में जल, जंगल और जमीन की बढ़ती समस्या, प्रकृति संरक्षण का महत्व, हरित उत्पाद, प्रदेश की खनिज सम्पदा, ओजोन परत का क्षरण, पॉलिथीन के दुष्णप्रभाव, नदियों का संरक्षण, तपती धरती और जंगल क्यों नाराज है जैसे विषयों पर निबंध और भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती है। जिला स्तर पर चयनित दो छात्र एवं दो छात्रा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हैं।

Comments