ओपेन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एकेडमिक ग्लोबल स्कूल की छात्रा अमृता यादव ने जीता गोल्ड
गोरखपुर । लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में पांच से आठ नवंबर के बीच आयोजित ओपेन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एकेडमिक ग्लोबल स्कूल की छात्रा अमृता यादव ने परचम लहराया है। अमृता ने अंडर-17 के 55 किलोग्राम वजन वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विभिन्न दौर में अमृता ने अपने आत्मविश्वास, फुर्ती और सटीक तकनीक के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को मात देते हुए फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। जीत के बाद अमृता ने कहा कि यह सफलता उनके कोच, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन का परिणाम है। इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार ने कहा है कि अमृता की जीत यह दर्शाती है कि एकेडमिक ग्लोबल स्कूल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेल और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।
छात्रा के कोच शंभूनाथ कुशवाहा ने कहा कि शुरुआती दौर से ही इसके अंदर खेल के प्रति रुझान था। अपने अनुशासन और निरंतर प्रयास से उसने यह सफलता हासिल की है। उम्मीद है आगे और भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेगी।
Comments
Post a Comment