सकुशल संपन्न हुई नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा

सकुशल संपन्न हुई नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा
-- चितरंगी के दो विद्यालय में बनाए गए थे परीक्षा केंद्र

-- सान्दीपनि में कुल 528 अभ्यर्थी पंजीकृत, 430 रहे उपस्थित व कन्या उच्चतर विद्यालय में 519 के पंजीकृत, 430 छात्र रहे उपस्थित 

चितरंगी। जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा छठवीं की प्रवेश परीक्षा शनिवार को देशभर में आयोजित की गई।
इसी क्रम में सिंगरौली जिले के चितरंगी ब्लाक में भी परीक्षा आयोजित की गई थी जहां चितरंगी में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिनमें  सान्दीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी व कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल था। सान्दीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कुल 528 छात्र पंजीकृत थे जिनमें से 430 छात्र उपस्थित रहे। वहीं कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 519 छात्र पंजीकृत थे जिनमें से 430 छात्रों ने परीक्षा दी। दोनों परीक्षा केंद्र में कुल 1047 के सापेक्ष 860 छात्र उपस्थित रहे। लगभग 82 फीसदी छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। मौसम अनुकूल होने के चलते अधिकतर छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 
परीक्षार्थी रुद्र तिवारी ने बताया कि गणित के प्रश्न उलझाउ थे जबकि हिंदी के प्रश्न आसान थे। रीजनिंग के प्रश्न सामान्य से कठिन थे।
जवाहर नवोदय विद्यालय से आए सेंट्रल लेवल ऑब्जर्वर (सीएलओ)  श्रीराम उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा शुचितापूर्ण संपन्न हुई। सामान्य संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। केंद्राध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि सभी पर्यवेक्षकों ने पूरे मनोयोग से शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई। उन्होंने विद्यालय के सभी कर्मचारी व शिक्षकों को शुभकामनाएं दी।
विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह ने कहा कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों परीक्षा केंद्र मिलाकर 860 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। उन्होंने परीक्षार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की साथ ही दोनों केंद्र अध्यक्षों को भी सकुशल परीक्षा संपन्न कराए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।
इस दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगरौली के प्राचार्य राजकुमार शर्मा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर औचक निरीक्षण करते हुए नजर आए। परीक्षा केंद्रों में सुबह से ही अभिभावकों का जमावड़ा लगा रहा। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही अभिभावक व छात्र परीक्षा पर चर्चा करते हुए नजर आए।

Comments