एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के गोरखपुर और बस्ती शाखा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
गोरखपुर। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के गोरखपुर स्थित जंगल धूसड़ व सिविल लाइंस तथा बस्ती कैंपस में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति व उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जंगल धूसड़ एवं सिविल लाइंस कैंपस में संस्थान के चेयरमैन ईं. संजीव कुमार तथा बस्ती कैंपस में निदेशक राजेश कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया।
जंगल धूसड़ कैंपस में चेयरमैन ई. संजीव कुमार की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूह गान, अमर शहीदों को नमन विषय पर नाटिका और पारंपरिक लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सिविल लाइंस कैंपस में नन्हे-मुन्ने बच्चे स्वतंत्रता सेनानियों की वेश-भूषा में नजर आए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के प्रसिद्ध नारों को जीवंत कर सभी को भावविभोर कर दिया। विद्यालय बैंड की देशभक्ति धुनों ने भी लोगों का दिल जीत लिया।
बस्ती कैंपस में निदेशक राजेश कुमार की गरिमामयी मौजूदगी में विद्यार्थियों ने विकसित भारत और देश की विविध संस्कृति को दर्शाती मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। इसके साथ ही भाषण एवं काव्य पाठ के जरिए देशभक्ति का संदेश दिया।
संस्थान के चेयरमैन ई. संजीव कुमार एवं निदेशक राजेश कुमार ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने वाला दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर मेधावी छात्रों व खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्रों और अभिभावकों को मिष्ठान वितरित किया गया। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी व अभिभावक मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment