एकेडमिक ग्लोबल स्कूल में हुआ छात्र पदस्थापन समारोह
गोरखपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूषण में नव-चयनित छात्र लीडर्स का पदस्थापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में स्टूडेंट्स लीडर्स को उनके पद के अनुरूप बैज प्रदान कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके साथ ही सभी छात्र-लीडर्स ने अपने दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।
विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार और प्रधानाचार्य वीसी चाको की मौजूदगी में आयोजित समारोह में छात्र-लीडर्स का उत्साहवर्धन किया गया। निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। यह जिम्मेदारी निभाने, अनुशासन बनाए रखने, सेवा की भावना रखने और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का अवसर है। उन्होंने छात्र-लीडर्स को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य वीसी चाको ने कहा कि विद्यालय में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना विद्यार्थियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने छात्र-नेताओं से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और सहपाठियों का मार्गदर्शन करने की अपील की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी छात्र-नेताओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को नई दिशा देने का काम किया।
Comments
Post a Comment