रक्षाबंधन पर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

रक्षाबंधन पर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
गोरखपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल जंगल धूसड़ की छात्राओं ने समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षासूत्र बांधा। छात्राओं ने क्षेत्र के विभिन्न पुलिस थानों का भ्रमण कर पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं शाहपुर, पिपराइच, पादरी बाजार और जंगल धूसड़ पुलिस थानों व चौकियों में पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया और उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया। पुलिसकर्मियों ने भी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन ई. संजीव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी जरूरी है। ऐसी गतिविधियों से बच्चों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है। पुलिसकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सामुदायिक भावना विकसित होती है।
भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। पुलिसकर्मियों ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज और पुलिस के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करने वाला बताया।

Comments