हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई लेखन और रचनात्मक प्रतिभा

हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई लेखन और रचनात्मक प्रतिभा
निबंध लेखन और नोटिस बोर्ड सजावट में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

गोरखपुर। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के गोरखपुर व बस्ती शाखा में हिंदी दिवस पर सोमवार को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने लगाव और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कक्षा छह से नौ तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उपयोगिता और समृद्धि से जुड़े विषयों पर अपने विचारों को शब्दों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की लेखन क्षमता, विचारों की स्पष्टता और अभिव्यक्ति कौशल देखने को मिला।
वहीं, जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए हिंदी दिवस की थीम पर नोटिस बोर्ड सजावट गतिविधि कराई गई। नन्हे विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे चित्रों, संदेशों और आकर्षक सजावट के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। उनकी बनाई सजावट ने विद्यालय परिसर को हिंदी दिवस के रंग में रंग दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उत्साह और सहभागिता की सराहना की। प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में लेखन, अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच का विकास होता है। साथ ही विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा और पूरा विद्यालय परिसर हिंदीमय नजर आया। विद्यालय की प्राचार्य अर्चना पाठक ने सभी को हिन्दी के महत्व के बारे में संक्षिप्त रूप से बताया।

Comments