सान्दीपनि मॉडल स्कूल चितरंगी के छात्रों ने राज्यमंत्री को दिखाई चित्रकला प्रतिभा
-- संकल्प सेवा अभियान के तहत विद्यालय में आयोजित हुई चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता
-- प्रतियोगिता मे कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
चितरंगी। शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चितरंगी में शनिवार को संकल्प सेवा अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह एवं उप-प्राचार्य पद्माकर मिश्र ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। छात्राओं ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।
प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेरे सपनों का भारत विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तैयार किए गए भाषण के माध्यम से अपने विचार रखे।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला का अवलोकन किया और प्रतिभागियों से उनके चित्रों की विषयवस्तु के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, जल संरक्षण, पौधरोपण तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का भी अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक सरोकारों की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। संकल्प सेवा अभियान उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। नशामुक्ति, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और सतत विकास जैसे विषयों को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर विद्यार्थी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। निर्णायक मंडल की रिपोर्ट के आधार पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की घोषणा सोमवार को की जाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment