एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के बच्चों ने किया डिवाइन हॉस्पिटल का शैक्षिक भ्रमण
गोरखपुर। (उपेन्द्र द्विवेदी) एकेडमिक ग्लोबल स्कूल जंगल धूषण व बस्ती शाखा के प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने कम्युनिटी हेल्पर्स लर्निंग एक्टिविटी के तहत डिवाइन हॉस्पिटल का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा कर्मियों की भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल की फार्मेसी, वार्ड और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्चों को डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और प्रयोगशाला कर्मियों के कार्यों के बारे में सरल भाषा में समझाया। बच्चों ने जाना कि किस प्रकार स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की देखभाल करने और उन्हें स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना पाठक ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं। इससे उनमें जिज्ञासा, जागरूकता और समाज के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना आवश्यक है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों को अपने आसपास के परिवेश को समझने और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के योगदान को जानने का अवसर प्रदान करते हैं।
अस्पताल के विभिन्न विभागों को देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। इस शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को करीब से समझा। यह गतिविधि उनके लिए ज्ञानवर्धक और आनंददायक रही।
Comments
Post a Comment