एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूसड़ की छात्राएं नैन्सी तिवारी और धृति तिवारी बनीं एक दिन की एसपी

एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूसड़ की छात्राएं नैन्सी तिवारी और धृति तिवारी बनीं एक दिन की एसपी
गोरखपुर। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूसड़, गोरखपुर की कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग की छात्राएं नैन्सी तिवारी और धृति तिवारी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) की भूमिका निभाने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, महिला सशक्तीकरण तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, लैंगिक समानता और समाज में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। पुलिस अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारियों को समझते हुए छात्राओं ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अनुशासन, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के महत्व को जाना।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने छात्राओं का चयन इस प्रतिष्ठित अवसर के लिए किया तथा उनके चयन और सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भी दोनों छात्राओं की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नैन्सी तिवारी और धृति तिवारी ने गोरखपुर पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया है और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया है।
एकेडमिक ग्लोबल स्कूल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मिली यह उपलब्धि शिक्षा संस्थानों और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का प्रेरणादायक उदाहरण है, जो बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित करता है। 
विद्यालय परिवार ने नैन्सी तिवारी और धृति तिवारी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

Comments