रावण के पुतला दहन के साथ दशहरा मेला संपन्न

रावण के पुतला दहन के साथ दशहरा मेला संपन्न
--रामलीला बाग में उमड़े श्रद्धालु, भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

उस्का बाजार। (उपेन्द्र द्विवेदी) उसका राजा स्थित रामलीला बाग में मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक दशहरा मेला महंत लाल बहादुर दास की अगुवाई में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। देर शाम निर्धारित समय पर भव्य रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान पूरा मेला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
श्री पयोहारी आश्रम, उसका राजा की ओर से शारदीय नवरात्र में प्रतिवर्ष भगवान राम की विभिन्न लीलाओं का सजीव मंचन किया जाता है। इसी क्रम में विजयदशमी पर रामलीला बाग में भव्य मेले का आयोजन हुआ। दोपहर बाद भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता गाजे-बाजे के साथ रामलीला बाग पहुंचे और वहां बने स्थायी चबूतरे पर विराजमान हुए। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर चरण स्पर्श किया और आशीर्वाद लिया।
मेले में रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग की स्थापना, मेघनाद वध और लक्ष्मण के मूर्छित होने सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। देर शाम रावण के पुतले का दहन होते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल, कथावाचक संतोष शुक्ल, दीपक मौर्य, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमंत कुमार जायसवाल, ओंकार पांडेय, रामेश्वर पांडेय, अनूप छापड़िया, आशीष शुक्ला, सत्य प्रकाश राही, अभिषेक त्रिपाठी, निर्मल छापड़िया, धनेश वर्मा, सोमनाथ मिश्र, सूरज मोदनवाल, राहुल दुबे सहित अन्य लोगों ने मंच पर पहुंचकर भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

Comments