एकेडमिक ग्लोबल स्कूल में कैंपस पिकनिक का धूमधाम से आयोजन
गोरखपुर। ( उपेन्द्र द्विवेदी) एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूसर परिसर में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए भव्य एवं मनोरंजक कैंपस पिकनिक का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन, आपसी मेल-जोल और रोमांचक गतिविधियों के माध्यम से आनंदमय अनुभव प्रदान करना था।
पिकनिक के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, बाउंसर्स, मैजिक शो, हॉन्टेड हाउस और रोमांचक एडवेंचर गतिविधियों की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अतिरिक्त डीजे और संगीत की धुनों पर बच्चों ने खूब आनंद लिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों के लिए स्वादिष्ट स्नैक्स एवं लंच की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन इंजीनियर संजीव कुमार एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों को नियमित शैक्षणिक गतिविधियों से हटकर कुछ नया अनुभव करने, अपनी रचनात्मकता एवं सामाजिक कौशल विकसित करने तथा अपने सहपाठियों के साथ आनंदमय समय बिताने का अवसर मिलता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
Comments
Post a Comment