एकेडमिक ग्लोबल स्कूल में बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न
-सीनियर वर्ग में नमन श्रीवास्तव और जूनियर वर्ग में अनय व्यास रहे अव्वल
-विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित परियोजनाओं से दिखाई प्रतिभा
बस्ती। (उपेंद्र द्विवेदी) एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के बस्ती परिसर में बुधवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (उत्तर प्रदेश-पूर्वी क्षेत्र) की जिला स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित परियोजनाओं और नवाचारपूर्ण मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार रहा।
प्रतियोगिता में रेस्क्यू रोबोट, स्मार्ट फायर एक्सटिंग्विशर, बायोप्लास्टिक, वर्षा जल संचयन और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे मॉडल विशेष आकर्षण रहे। डीआरसी राष्ट्रीय सैनिक विद्यालय, पीएम श्री जगदीशपुर, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, यूनिक ग्लोबल एकेडमी, केंद्रीय विद्यालय बस्ती और सिविलियन हायर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
सीनियर वर्ग में यूनिक ग्लोबल एकेडमी के नमन श्रीवास्तव ने प्रथम और शिरीष कुमार चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी की अंजनी पाठक तीसरे स्थान पर रहीं। सिंधुजा शुक्ला चौथे, अनादि प्रताप सिंह पांचवें और श्रेयांशी पांडेय छठे स्थान पर रहीं।
जूनियर वर्ग में सिविलियन हायर सेकेंडरी स्कूल के अनय व्यास ने प्रथम स्थान हासिल किया। डीआरसी राष्ट्रीय सैनिक विद्यालय की पल्लवी वर्मा द्वितीय और पीएम श्री जगदीशपुर के अभिनव मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। पीएम श्री मंझरी रामनगर की काजल चौथे, डीआरसी के हर्षित पांडेय पांचवें तथा पीएम श्री जगदीशपुर के विपिन कनौजिया और करण मौर्य क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में बीएसए अनूप कुमार, डीआईओएस संजय सिंह और एडी बेसिक संजय कुमार शुक्ल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय के चेयरमैन इंजीनियर संजीव कुमार, डायरेक्टर राजेश कुमार और करियर काउंसलर पूर्णेंदु कुमार ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करते हैं। प्रधानाचार्या एवं आयोजन सचिव अर्चना पाठक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment